रुद्रप्रयाग जिले में स्थित मदमहेश्वर मंदिर की यात्रा प्रशासन की निगरानी में फिर शुरू
रुद्रप्रयाग जिले में स्थित मदमहेश्वर मंदिर की यात्रा प्रशासन की निगरानी में फिर शुरू
रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड), 19 अगस्त (भाषा) रुद्रप्रयाग जिले में खराब रास्ते और पैदल पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण रोकी गई श्री मदमहेश्वर मंदिर की यात्रा प्रशासन की निगरानी में बुधवार से फिर शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
अधिकारियों ने बताया कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और अन्य बचाव दलों की तैनाती समेत आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन के अनुसार, यात्रा पुनः शुरू करने से पहले मार्ग, पुल-पुलिया, ट्रॉली स्थल, सुरक्षा उपकरण और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का संबंधित विभागों ने परीक्षण किया तथा मार्ग को यात्रियों के आवागमन के लिए सुरक्षित पाए जाने के बाद यात्रा संचालन की अनुमति दी गई।
प्रशासन ने ट्रॉली स्थल पर भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के साथ-साथ महिला और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सहायता तथा किसी आकस्मिक स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक निर्धारित समयानुसार सुबह साढ़े छह से नौ बजे, सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर एक बजे और दोपहर ढाई बजे से शाम छह बजे तक ट्रॉली संचालित होगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही आगे बढ़ें।
रुद्रप्रयाग जिले में 11,473 फीट की ऊंचाई पर स्थित मदमहेश्वर मंदिर की यात्रा को जोखिमपूर्ण पैदल रास्ते, प्रतिकूल मौसम और मोरखण्डा नदी पर बने लकड़ी के पुल के बह जाने के बाद आवागमन के लिए प्रयुक्त की जा रही ट्रॉली की सीमित क्षमता को देखते हुए सात अगस्त को अस्थाई रूप से रोक दिया गया था ।
भाषा सं दीप्ति राजकुमार
राजकुमार

Facebook


