दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश, ‘येलो अलर्ट’ जारी

Ads

दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश, 'येलो अलर्ट' जारी

  •  
  • Publish Date - October 6, 2025 / 03:43 PM IST,
    Updated On - October 6, 2025 / 03:43 PM IST

नयी दिल्ली, छह अक्टूबर (भाषा) दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में सोमवार अपराह्न बारिश हुई जिससे लोगों को पिछले कई दिनों से जारी गर्मी और उमस से राहत मिली।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है जिसमें हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ बौछारें पड़ने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

राष्ट्रीय राजधानी में सितंबर और अक्टूबर के शुरू में असामान्य रूप से तापमान में वृद्धि देखी गयी है।

दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री कम है। रविवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आईएमडी की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक शहर के कई केंद्रों पर बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के मुताबिक शहर की आधार वेधशाला सफदरजंग में सोमवार सुबह 8.30 बजे तक 10.3 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई जबकि लोधी रोड में 13.2 मिमी, पालम में 4.6 मिमी, रिज में 8.2 मिमी और आयानगर में 5.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी।

मौसम विभाग कार्यालय ने दिन के दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है, जिसमें अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

आईएमडी ने दिन के समय गरज के साथ मध्यम से हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। सुबह 8.30 बजे, शहर में सापेक्ष आर्द्रता 93 प्रतिशत दर्ज की गई।

केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार अपराह्न दो बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 112 रहा जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश