पोलित ब्यूरो की बैठक में पश्चिम बंगाल और केरल की हार पर होगा मंथन: बेबी

Ads

पोलित ब्यूरो की बैठक में पश्चिम बंगाल और केरल की हार पर होगा मंथन: बेबी

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 02:12 PM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 02:12 PM IST

नयी दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 26 जून (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी की पोलित ब्यूरो बैठक में केरल और पश्चिम बंगाल में चुनावी हार के कारणों पर चर्चा की जाएगी।

पोलित ब्यूरो की बैठक से पहले संवाददाताओं से बातचीत में बेबी ने कहा कि दोनों राज्यों में पार्टी को मिली चुनावी हार पर विभिन्न स्तरों पर पहले ही चर्चा हो चुकी है।

उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में इतिहास में पहली बार भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में आई है। वहीं, केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार द्वारा कई पहल किए जाने के बावजूद उसे अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा। यह कोई साधारण हार नहीं थी, बल्कि एक असाधारण झटका था, जिसके लिए गंभीर आत्ममंथन की आवश्यकता थी।’’

बेबी का कहना था कि हार के कारणों पर पार्टी के सभी स्तरों पर चर्चा की गई। उनके अनुसार, पार्टी की विभिन्न इकाइयों ने स्वतंत्र रूप से हार के कारणों पर अपने विचार व्यक्त किए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल और केरल दोनों में राज्य समिति की बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें इस मुद्दे पर व्यापक चर्चा हुई। इन चर्चाओं के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार की गई। अब उसी रिपोर्ट पर पोलित ब्यूरो में चर्चा हो रही है।’’

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को 11 से 13 जुलाई तक होने वाली पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में भी विचार विमर्श होगा।

बेबी ने कहा, ‘‘केंद्रीय समिति की बैठक के लिए पोलित ब्यूरो को एक रिपोर्ट तैयार करनी है। यह रिपोर्ट चुनावों के साथ-साथ व्यापक राजनीतिक मुद्दों से भी संबंधित है। इन्हीं विषयों पर पोलित ब्यूरो में चर्चा होगी।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या राज्य समितियों द्वारा हार के कारणों पर तैयार की गई रिपोर्ट को केंद्रीय नेतृत्व स्वीकार करेगा, बेबी ने कहा कि पोलित ब्यूरो क्या निर्णय लेगा, इस बारे में पहले से अटकल लगाना उचित नहीं होगा।

पोलित ब्यूरो की बैठक में हिस्सा लेने के लिए बेबी के अलावा केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन और माकपा की केरल राज्य इकाई के सचिव एम वी गोविंदन भी नई दिल्ली पहुंचे।

भाषा हक वैभव रंजन

रंजन