अयोध्या (उप्र), 26 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को राम मंदिर में दान के कथित गबन और आभूषणों की चोरी के मामले में दर्ज प्राथमिकी को ‘धोखा’ करार दिया।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि इस मामले में सिर्फ छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि ‘बड़े लोगों’ को बचाया जा रहा है।
हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद, आप के राज्यसभा सदस्य और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के साथ मौजूद केजरीवाल ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने सभी की भलाई और खुशहाली के लिए प्रार्थना की है।
केजरीवाल ने कहा, ‘आज मैंने सभी की खुशी और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मैंने राम मंदिर में दान के गबन, बड़े घोटाले और भगवान को चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के संबंध में मैंने प्रार्थना की कि जो कोई भी इस ‘महापाप’ का दोषी है, उसे भगवान से कड़ी से कड़ी सजा मिले।’
अयोध्या पुलिस द्वारा बृहस्पतिवार शाम दर्ज प्राथमिकी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, ‘जो प्राथमिकी दर्ज की गई है, वह सिर्फ दिखावा और धोखा है। इस मामले में आठ छोटे कर्मचारियों को गिरफ़्तार किया गया है। यह घोटाला इतने लंबे समय से चल रहा था। यह साफ़ है कि अकेले छोटे कर्मचारी इतने लंबे समय तक ऐसी हरकत नहीं कर सकते थे।”
उन्होंने कहा कि ”इस घोटाले के तार बहुत ऊपर तक जुड़े हैं, लेकिन बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है और सारा दोष इन छोटे कर्मचारियों पर मढ़ा जा रहा है।’
भाषा किशोर आनन्द वैभव रंजन
रंजन