योग दिवस: प्रधानमंत्री मोदी के साथ योग अभ्यास के लिए छह लाख संगठनों ने कराया पंजीकरण

Ads

योग दिवस: प्रधानमंत्री मोदी के साथ योग अभ्यास के लिए छह लाख संगठनों ने कराया पंजीकरण

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 11:52 AM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 11:52 AM IST

नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) देश में ’12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ (आईडीवाई-2026) मनाने की तैयारियों के बीच आयुष मंत्रालय के ‘योग संगम’ पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले संगठनों का आंकड़ा छह लाख के पार पहुंच गया है। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है।

‘आईडीवाई 2026’ की इस प्रमुख पहल ‘योग संगम’ का मुख्य उद्देश्य ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ (सीवाईपी) पर आधारित समकालिक योग सत्रों के माध्यम से देश भर के विभिन्न संस्थानों और स्थानीय समुदायों को एक मंच पर लाना है।

मंत्रालय के अनुसार, किसी एक मुख्य स्थान पर केंद्रीय आयोजन किए जाने की पारंपरिक सीमा से आगे बढ़ते हुए, इस पहल के जरिए देश भर के संगठन अपने-अपने परिसरों में योग सत्र आयोजित कर सकेंगे। इससे वे अपने स्तर पर कार्यक्रम करते हुए भी इस साझा राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बन सकेंगे।

सभी पंजीकृत संगठन राष्ट्रव्यापी ‘योग संगम’ अभियान से जुड़ने और 21 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ एक ही समय पर योग अभ्यास करने के लिए अपने-अपने स्थानों पर प्रतिभागियों को एकत्र करेंगे।

बयान के अनुसार, कुल पंजीकरणों में 3.22 लाख से अधिक सरकारी संस्थान, लगभग दो लाख शैक्षणिक संस्थान, 16,000 से अधिक निजी संस्थान, 5,000 से अधिक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) और अन्य श्रेणियों के करीब 44,000 संगठन शामिल हैं।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन