अयोध्या। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अयोध्या में राम मंदिर बनकर रहेगा। समाधान की तरफ इसका रास्ता जा रहा है। वे मंदिर निर्माण आंदोलन के पुरोधा महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि संतों को मंदिर निर्माण को लेकर संदेह क्यों हो रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण पूरे भारत की भावना है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद साधु-संतों का ध्यान इस ओर भी खींचा कि हमें विधायिका और कार्यपालिका का भी ध्यान रखना होगा।
यह भी पढ़ें : नरोदा-पाटिया दंगों में 3 आरोपियों को हाईकोर्ट ने सुनाई 10-10 साल की सजा
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2019 के बाद राम मंदिर पर सुनवाई का षड़यंत्र रच रही है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं थीं, वे आज राम जन्मभूमि की बात कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान भगवान राम की जन्मभूमि की जो उपेक्षा हुई है, वह किसी से छिपी नहीं है। पिछले एक साल में सरकार ने अयोध्या को वैश्विक पहचान दिलाने का काम किया है। इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी में दलितों को आरक्षण दिए जाने की मांग उठाई।
वेब डेस्क, IBC24