लुधियाना, आठ अगस्त (भाषा) पंजाब के लुधियाना में एक कार में सवार छह लोगों ने एक दोपहिया वाहन को रोककर उस पर सवार 25 वर्षीय युवक को पांच बार गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी युवक का दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार रात टिब्बा मार्ग पर ‘एन्शिएंट गौशाला पार्ट-2’ के पास उस समय हुई, जब युवक अपने दोस्त को छोड़कर दोपहिया वाहन से वापस लौट रहा था।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हरजिंदर सिंह (25) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश