नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसके विधि विभाग ने प्रश्नपत्र लीक के विरोध में हुए हालिया प्रदर्शन में शामिल छात्रों को सोशल मीडिया पर कथित रूप से धमकियां देने और हिंसा के लिए उकसाने वाले कई सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने मांग की है।
युवा कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस की साइबर अपराध शाखा को दिए अपने प्रतिवेदन में आरोप लगाया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने वाले छात्रों को डराने-धमकाने के लिए अभियान चला रहे हैं।
संगठन का आरोप है कि इन सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए प्रदर्शनकारियों की निजी जानकारी भी सार्वजनिक की जा रही है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार युवा कांग्रेस ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, कथित गैरकानूनी सामग्री हटाने और इन खातों को निलंबित करने की मांग की है।
संगठन का कहना है कि ये कृत्य भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा अन्य लागू कानूनों के तहत दंडनीय हैं।
भाषा हक पवनेश धीरज
धीरज