नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि इस समझौते से किसानों, श्रमिकों और छोटे व्यवसायों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता जंतर-मंतर से ‘संसद घेराव’ करने के लिए आगे बढ़े, हालांकि पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि कम से कम 90 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, क्योंकि उन्होंने संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया था। बाद में सभी को रिहा कर दिया जाएगा।
युवा कांग्रेस के सदस्यों ने दावा किया है कि हिरासत में लिये जाने के बाद, उन्हें जिस बस में ले जाया जा रहा था, उसकी सीएनजी बीच रास्ते में खत्म हो गई, जिसके बाद उन्हें बीच में ही छोड़ दिया गया।
इस विरोध प्रदर्शन से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं- रणदीप सिंह सुरजेवाला, सचिन पायलट जी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग- ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
चिब ने कहा, ‘‘अमेरिका के साथ व्यवार समझौता दबाव का परिणाम है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री समझौता कर चुके हैं और ‘एप्सटीन फाइल’ के चलते भी सरकार दबाव में है।
चिब ने कहा कि सरकार को इस व्यापार समझौते को रद्द करना चाहिए।
भाषा हक हक सुरेश
सुरेश