जयपुर, 23 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बालोतरा के प्रस्तावित दौरे से पहले वीवीआईपी मंच तक एक युवक के अनाधिकृत रूप से पहुंच जाने की घटना को सुरक्षा में गंभीर चूक मानते हुए एक थानाधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार युवक की पहचान अरशद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में उसे रिहा कर दिया गया।
यह घटना 20 अप्रैल को उस समय हुई जब कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद युवक प्रतिबंधित ‘डी’ क्षेत्र में प्रवेश कर अतिविशिष्ट लोगों के लिए बने वीवीआईपी मंच तक पहुंच गया। उसने मंच से एक वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे सुरक्षा तैयारियों पर सवाल उठे हैं।
जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में पचपदरा थानाधिकारी अचला राम को निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, “यह सुरक्षा में गंभीर चूक है कि एक व्यक्ति मंच तक पहुंच गया और वीडियो बनाकर उसे प्रसारित कर दिया।”
उन्होंने बताया कि राजस्थान आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (आरएसी) के कमांडेंट को घटना के लिए जिम्मेदार कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में कार्यक्रम स्थल पर तैनात आरएसी कर्मियों की लापरवाही सामने आई है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री का 21 अप्रैल को एचपीसीएल रिफाइनरी परियोजना के उद्घाटन के लिए बालोतरा दौरा प्रस्तावित था, लेकिन 20 अप्रैल को रिफाइनरी की एक इकाई में आग लगने के बाद यह दौरा स्थगित कर दिया गया था।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत