टीवीके सरकार के खिलाफ ‘आलोचनात्मक’ वीडियो पोस्ट करने के आरोप में यूट्यूबर हिरासत में
टीवीके सरकार के खिलाफ 'आलोचनात्मक' वीडियो पोस्ट करने के आरोप में यूट्यूबर हिरासत में
मदुरै, आठ जून (भाषा) चेन्नई शहर पुलिस की एक विशेष टीम ने सोमवार को यूट्यूबर मारिदास को हिरासत में लिया जिन पर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार, मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय और राज्य के कई मंत्रियों को निशाना बनाते हुए कुछ आलोचनात्मक वीडियो पोस्ट करने के आरोप हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार के कामकाज के खिलाफ लगातार ऑनलाइन आरोपों और आलोचनात्मक टिप्पणियों के बाद, चेन्नई पुलिस के साइबर अपराध विभाग ने यूट्यूबर के खिलाफ स्वयं ही मामला दर्ज किया।
चेन्नई से साइबर अपराध शाखा की एक विशेष टीम सोमवार को मदुरै पहुंची। मदुरै नगर पुलिस की सहायता से मारिदास को सूर्य नगर स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया। उन्हें आगे की पूछताछ के लिए चेन्नई लाया जा रहा है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘साइबर अपराध शाखा द्वारा दर्ज किए गए एक मामले के संबंध में पूछताछ के लिए यूट्यूबर को हिरासत में लिया गया है। आगे की जांच के बाद उन विशिष्ट धाराओं के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी जिनके तहत उन पर मामला दर्ज किया गया है।’
सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर रखने वाले मारिदास अतीत में अपनी राजनीतिक टिप्पणियों के कारण अक्सर विवादों में घिरे रहे हैं और उनके खिलाफ कई पुलिस मामले दर्ज किए गए हैं।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


