हैदराबाद, 12 जुलाई (भाषा) तेलंगाना पुलिस ने रविवार को आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के एक प्रवक्ता को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने को लेकर दर्ज मामले में की गई।
एक वकील की शिकायत के आधार पर, 10 जुलाई को बेगम बाज़ार पुलिस थाने में वाईएसआरसीपी के प्रवक्ता नागार्जुन यादव और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्हें सोशल मीडिया मंच पर टीवी बहस का एक वीडियो मिला, जिसमें नागार्जुन यादव ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के खिलाफ “बार-बार अपमानजनक” भाषा का इस्तेमाल किया था।
शिकायतकर्ता ने यादव पर आरोप लगाया कि उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री को कई बार फूड डिलीवरी कंपनी का प्रतिनिधि (डिलीवरी बॉय) कहा और साथ ही कुछ अन्य टिप्पणियां भी कीं।
उन्होंने कहा कि इस्तेमाल किए गए शब्दों का मकसद मुख्यमंत्री की छवि खराब करना, तेलंगाना के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना और समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच नफरत, दुर्भावना और असंतोष पैदा करना था।
उन्होंने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद यादव और अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यादव को गुंटूर से हिरासत में लेकर शहर लाया गया।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप