अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव मणिपुर के भविष्य के लिए बहुत अहम हैं : इबोबी सिंह

Ads

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव मणिपुर के भविष्य के लिए बहुत अहम हैं : इबोबी सिंह

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 08:08 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 08:08 PM IST

इंफाल, 12 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की मणिपुर इकाई के अध्यक्ष ओ. इबोबी सिंह ने रविवार को कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव राज्य के भविष्य को तय करने के लिए बहुत अहम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।

सिंह ने शनिवार को इंफाल पश्चिम जिले के कांतो सबल में हुई घटना की भी निंदा की, जिसमें लगभग 600 लोगों की भीड़ ने कम से कम तीन खाली घरों में आग लगा दी।

कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘कांतो सबल में कल हुई घटना हमारे लिए बहुत चौंकाने वाली थी। हालांकि, ऐसी घटनाएं नयी नहीं हैं और राज्य में समय-समय पर कुछ न कुछ दुर्भाग्यपूर्ण और अवांछित हो रहा है।’’

उन्होंने कहा कि कांतो सबल एक बड़े सैन्य शिविर के ठीक बगल में स्थित है और इस इलाके में बड़ी संख्या में केंद्रीय बल भी तैनात हैं।

कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि जब खाली घरों को जलाया जा रहा था, तब राज्य के सुरक्षा बलों और दमकल गाड़ियों को भी उस इलाके में जाने नहीं दिया गया।

मणिपुर के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके सिंह ने कहा, ‘‘इस घटना पर राज्य के गृह मंत्री का कोई बयान न आना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। मणिपुर से लोकतंत्र खत्म हो रहा है। एक मणिपुरी और इस देश के नागरिक के तौर पर हम ऐसी हिंसक घटनाओं को कब तक बर्दाश्त कर सकते हैं?’’

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘हमें यह भी नहीं पता कि राज्य सरकार का कोई अस्तित्व है या इसे केंद्र से ‘रिमोट कंट्रोल’ के जरिए चलाया जा रहा है।’’

सिंह ने कहा, ‘‘अब राज्य में नए जनादेश का समय आ गया है और लोगों को यह तय करने दें कि भाजपा सत्ता में बनी रहेगी या हट जाएगी। आने वाले चुनाव मणिपुर के भविष्य को तय करने के लिए बहुत अहम होंगे।’’

मणिपुर में विधानसभा चुनाव फरवरी 2027 में होने हैं।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप