श्रीनगर, 12 जुलाई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती को श्रीनगर में शहीद दिवस समारोह से पहले उनके घर में नजरबंद कर दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने रविवार को यह दावा किया।
इल्तिजा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर हमें नजरबंद कर दिया गया है। इसके पीछे क्या कारण हैं, यह जम्मू-कश्मीर पुलिस ही बेहतर बता सकती है।’’
जम्मू-कश्मीर में 13 जुलाई को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन वर्ष 1931 में श्रीनगर की केंद्रीय जेल के बाहर डोगरा सेना की गोलीबारी में मारे गए 22 लोगों की स्मृति में मनाया जाता है। हालांकि, 2020 में उपराज्यपाल प्रशासन ने इस दिन को राजपत्रित अवकाशों की सूची से हटा दिया था।
इल्तिजा ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया, ‘‘क्या यही वह सामान्य स्थिति है जिसे वे कश्मीर में स्थापित करने का दावा करते हैं? इसमें कोई संदेह नहीं है कि स्थानीय सरकार भी इसमें मिली हुई है और अपनी जरूरत के हिसाब से सिधरा में घरों को ढहाने तथा विरोधियों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है।’’
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल