नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने चोरी की महंगी गाड़ियां खरीदने और बेचने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पंजाब तथा राजस्थान से दो कथित डीलरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों से 12 महंगी कार बरामद की गई हैं, जिनके फर्जी पंजीकरण दस्तावेज तैयार किए गए थे और पहचान संख्या (चेसिस और इंजन नंबर) से छेड़छाड़ की गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी चोरी की महंगी गाड़ियों को करीब चार से पांच लाख रुपये में खरीदते थे। इसके बाद वे वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर बदल देते थे तथा फर्जी पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी) तैयार कर उन्हें पंजाब और राजस्थान में असली गाड़ी बताकर बेच देते थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के तरनतारन निवासी गुरविंदर सिंह बैंकन (37) और राजस्थान के बीकानेर निवासी दशरथ बिश्नोई (36) के रूप में हुई है।
बरामद किए गए वाहनों में कई हुंदै क्रेटा, टोयोटा फॉर्च्यूनर, टोयोटा इनोवा क्रिस्टा, टोयोटा इनोवा, हुंदै एल्काजार, टाटा हैरियर, मारुति सुजुकी ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर और टोयोटा यारिस शामिल हैं। बरामद कई वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थीं, जबकि कुछ गाड़ियों पर नंबर प्लेट ही नहीं थीं।
अधिकारी ने बताया कि ये वाहन दिल्ली, हरियाणा और अन्य राज्यों के अलग-अलग हिस्सों से चुराए गए थे।
पुलिस के मुताबिक, बैंकन पहले पंजाब में पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करता था और रानी बाग थाने में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले में उसे अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किया गया था। वह दिल्ली और पंजाब में चार आपराधिक मामलों में शामिल है। फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।
पुलिस ने कहा कि चोरी की गाड़ियां आपूर्ति करने वाले चोरों की पहचान करने और इस गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल