वाईएसआरटीपी तेलंगाना विधानसभा की सभी 119 सीट पर चुनाव लड़ेगी: शर्मिला

Ads

वाईएसआरटीपी तेलंगाना विधानसभा की सभी 119 सीट पर चुनाव लड़ेगी: शर्मिला

  •  
  • Publish Date - October 12, 2023 / 06:24 PM IST,
    Updated On - October 12, 2023 / 06:24 PM IST

हैदराबाद, 12 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस के साथ विलय से इनकार करते हुए वाईएसआर तेलंगाना पार्टी (वाईएसआरटीपी) की संस्थापक वाई. एस. शर्मिला ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी राज्य विधानसभा की सभी 119 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि वह पलेयर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी।

शर्मिला ने पार्टी की एक बैठक में कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी के विलय या कांग्रेस के साथ मिलकर काम करने संबंधी अपने प्रस्ताव पर कांग्रेस नेतृत्व के जवाब के लिए चार महीने तक प्रतीक्षा की।

उन्होंने कहा कि क्योंकि कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, इसलिए वाईएसआरटीपी ने सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारने का फैसला किया।

शर्मिला ने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस पार्टी के साथ जाना चाहते थे कि सत्ता विरोधी मत विभाजित न हो। अगर सत्ता विरोधी मत बंट जाते है तो इसका फायदा अंतत: मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव को होगा। लेकिन ऐसा (कांग्रेस के साथ गठजोड़) नहीं हुआ। अब (यदि सत्ता विरोधी मत विभाजित हो जाते हैं) इसके लिए हम दोषी नहीं होंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वाईएसआर तेलंगाना पार्टी सभी 119 निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ेगी।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी की मांग है कि उन्हें एक और निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहिए।

शर्मिला ने पहले कहा था कि कांग्रेस के साथ ‘‘संभावित विलय’’ पर उनकी चर्चा अंतिम चरण में पहुंच गई है। उन्होंने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग है कि उनके पति अनिल कुमार और मां विजयम्मा को भी आगामी विधानसभा चुनाव लड़ना चाहिए।

तेलंगाना में 30 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा और मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

भाषा

देवेंद्र वैभव

वैभव