जरांगे मुंबई के लिए रवाना, गणेश उत्सव के दौरान शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया

जरांगे मुंबई के लिए रवाना, गणेश उत्सव के दौरान शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया

जरांगे मुंबई के लिए रवाना, गणेश उत्सव के दौरान शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया
Modified Date: August 27, 2025 / 10:42 am IST
Published Date: August 27, 2025 10:42 am IST

छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र), 27 अगस्त (भाषा) मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे बुधवार को मुंबई के लिए रवाना हुए। वह 29 अगस्त से महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में अपना आंदोलन शुरू करने पर अड़े हुए हैं।

जालना जिले में अपने पैतृक गांव अंतरवाली सराटी में 43 वर्षीय कार्यकर्ता ने पत्रकारों से कहा कि उनके समर्थक शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि गणेश उत्सव के दौरान किसी को कोई असुविधा न हो।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जरांगे से मंगलवार को अनुरोध किया था कि वह 27 अगस्त से शुरू हो रहे गणेश उत्सव के दौरान मुंबई में प्रदर्शन करने की अपनी योजना पर फिर से विचार करें।

महाराष्ट्र सरकार द्वारा उन्हें रोकने के प्रयासों के बावजूद जरांगे ने घोषणा की है कि वह 29 अगस्त से मुंबई में मराठा आरक्षण के लिए फिर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगे।

जरांगे ने बुधवार सुबह अंतरवाली सराटी से रवाना होने से पहले पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें उकसाने की कोशिशें की जाएंगी, लेकिन हम मुंबई के आजाद मैदान में शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगे। इस बार चाहे कितना भी समय लगे, हम मराठा समुदाय के लिए आरक्षण सुनिश्चित करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि उनके समर्थक यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके विरोध प्रदर्शन के कारण गणेश उत्सव के दौरान किसी को कोई असुविधा न हो।

बीड, छत्रपति संभाजीनगर, जालना और मराठवाड़ा क्षेत्र के अन्य जिलों से सैकड़ों समर्थक सुबह से ही अंतरवाली सराटी में पहुंचने लगे थे।

जरांगे मराठा समुदाय को कुनबी जाति (अन्य पिछड़ा वर्ग में शामिल एक जाति) के रूप में मान्यता दिलाने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, ताकि उन्हें शिक्षा और सरकारी नौकरियों में आरक्षण मिल सके।

भाषा

गोला सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में