Aruna Irani Cancer Journey / Image Source : X
एंटरटेनमेंट डेस्क : Aruna Irani Cancer Journey : बॉलीवुड की मशहूर वेटरन एक्ट्रेस अरुणा ईरानी ने अपनी जिंदगी में जितने उतार-चढ़ाव देखे हैं। 9 साल की उम्र से ही पारिवारिक मजबूरियों के कारण काम की शुरुआत करने वाली 79 वर्षीय अरुणा ईरानी अपने करियर में 300 से अधिक फिल्में और कई टीवी सीरियल्स कर चुकी हैं। हाल ही में वह राजीव खंडेलवाल के गेम शो ‘तुम हो ना’ में अपनी बहन चेतना के साथ नजर आईं, जहाँ उन्होंने अपनी कमाल की एनर्जी से न सिर्फ सबको हैरान कर दिया, बल्कि दो बार कैंसर से जंग जीतने की अपनी बेहद इंस्पायरिंग कहानी भी शेयर की।
शो के दौरान जब राजीव खंडेलवाल की रिक्वेस्ट पर अरुणा ईरानी ने स्टेज पर धमाकेदार डांस किया, तो उनकी फुर्ती देखकर हर कोई उनका मुरीद हो गया। शो के दौरान उनकी बहन चेतना ने बताया कि अरुणा को दो बार कैंसर हुआ था और उस वक्त उनके घर में जैसे तूफान आ गया था। लेकिन अरुणा ने हार नहीं मानी और परिवार को सिखाया कि ‘तूफान में रुकना मत, उसे चीर कर आगे निकल जाना।’
अरुणा ईरानी ने बताया कि पहली बार साल 2015 में उन्हें कैंसर हुआ था, लेकिन बाल खोने और एक्टिंग से ब्रेक लेने के डर से उन्होंने तब कीमोथैरेपी कराने से मना कर दिया था और सिर्फ ऑपरेशन व दवाइयों का सहारा लिया था। अपनी इसी गलती के कारण साल 2020 में कैंसर ने उन्हें दोबारा अपनी चपेट में ले लिया। इस बार उन्होंने हिम्मत दिखाई और कीमोथैरेपी का सहारा लिया।
कीमोथैरेपी से उनके बाल झड़े, लेकिन वे जल्द ही वापस भी आ गए। अरुणा ने गर्व से कहा, ‘आज मुझे कैंसर हुए 10 साल हो चुके हैं और ईश्वर की कृपा से मैं पूरी तरह ठीक और अच्छी हूँ।’