India Archery World Cup Gold/Image- social media
India Archery World Cup Gold: भारतीय महिला टीम ने तीरंदाजी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान चीन को रोमांचक मुकाबले में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। दीपिका कुमारी, अंकिता भकत और कुमकुम मोहोद ने रोमांचक शूट ऑफ में चीन को 5-4 (28-26) से मात दी। भारत ने पहला सेट जीतकर बढ़त बनाई, लेकिन चीन ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। निर्धारित चार सेट के बाद स्कोर बराबर रहने पर शूट ऑफ कराया गया, जिसमें भारतीय टीम ने दबाव के बीच शानदार संयम दिखाया।
हालांकि सिमरनजीत कौर को सेमीफाइनल में चैंपियन बनीं दक्षिण कोरिया की कांग चेयांग के खिलाफ सीधे सेट में हार का सामना करना पड़ा, इसके बाद कांस्य पदक के लिए खेले गए मुकाबले प्लेऑफ में कोरियाई खिलाड़ी जांग मिनही से हार मिली। इस तरह भारत ने अपने अभियान का समापन एक स्वर्ण और एक कांस्य के साथ किया। शंघाई में भारत अब तक दो पदक जीत चुका है, कंपाउंड तीरंदाज साहिल जाधव ने शनिवार को कांस्य पदक (India Archery World Cup Gold) जीता था।
झू जिंगयी, हुआंग युवेई और यू क्यूई की चीन की टीम के खिलाफ भारत शुरुआत में तो नियंत्रण में दिखा लेकिन पहला सेट (54-53) जीतने के बाद विरोधी टीम को वापसी का मौका दे दिया। भारतीय प्लेयर दीपिका ने अंत में लगातार 10 अंक बनाए, जिससे अंकिता (8-8) और 17 वर्षीय कुमकुम (10-8) के उतार-चढ़ाव वाले प्रदर्शन के बावजूद भारत पहला सेट जीतने में सफल रहा।
दीपिका (India Archery World Cup Gold) ने दूसरे सेट में भी परफेक्ट 10 लगाया जिससे भारत तीन शॉट के बाद एक अंक की बढ़त (28-27) बनाने में सफल रहा। चीन ने दूसरे सेट के अपने आखिरी तीन तीर में दो बार नौ और एक बार 10 अंक जुटाकर जोरदार वापसी की और कुल 55 अंक बनाए।
अंकिता ने 9 अंक बनाए लेकिन कुमकुम केवल आठ अंक ही जुटा सकीं, जिससे सेट को बराबर करने के लिए दीपिका को 10 अंक की आवश्यकता थी, लेकिन चार बार की यह ओलंपियन सात अंक ही जुटा सकी जिससे भारत यह सेट 52-55 से हार गया और चीन 2-2 से बराबरी पर आ गया।
इसके बाद मेजबान टीम (India Archery World Cup Gold) ने तीसरा सेट 57-56 से जीतकर 4-2 की बढ़त बना ली। चौथे सेट में दीपिका के दो बार 10 का स्कोर करने के बावजूद भारत मैच से बाहर होते दिख रही थी। कुमकुम का आखिरी तीर सात अंक पर लगा जिससे भारत 54 अंक तक ही पहुंच पाया।
चीन को मैच जीतने के लिए अपने आखिरी तीन तीर से दो बार 10 और एक बार नौ का स्कोर करना जरूरी था। झू और हुआंग ने परफेक्ट 10 का स्कोर किया, जिससे यू क्यूई को जीत के लिए नौ अंक की जरूरत थी, लेकिन यह युवा खिलाड़ी आठ अंक ही जुटा सकी जिससे भारत ने सेट जीत लिया और मैच शूट ऑफ में चला गया।
शूट ऑफ में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। अंकिता ने नौ के स्कोर के साथ शुरुआत की जबकि कुमकुम ने शानदार 10 अंक जुटाए। खिताब जीतने के लिए आठ अंक की जरूरत थी तब दीपिका ने नौ अंक के साथ टीम की जीत सुनिश्चित की।