मप्र में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा 2027, ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ भी शुरू होंगे
मप्र में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा 2027, ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ भी शुरू होंगे
इंदौर, 11 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा करते हुए शनिवार को कहा कि राज्य के दो करोड़ से अधिक युवाओं को विकास और नीति निर्माण की प्रक्रिया में भागीदार बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने डिजिटल मंचों पर सकारात्मक और जनहित से जुड़े विषयों पर काम करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ शुरू किए जाने की घोषणा भी की।
यादव ने इंदौर में ‘माय यूथ, माय प्राइड’ सम्मेलन के दौरान संवाददाताओं से कहा,“हम 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने जा रहे हैं। हमारे राज्य में दो करोड़ से अधिक युवा हैं। हम युवाओं से जानना चाहते हैं कि प्रदेश की दिशा-दशा कैसी हो, उनकी सहभागिता क्या हो, उनके विचार क्या हों और सरकारी योजनाओं में किस प्रकार सुधार किया जा सकता है। अगला वर्ष युवाओं को समर्पित किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं के सुझावों और अनुभवों को नीति निर्माण तथा विकास योजनाओं से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
यादव ने कहा कि युवा वर्ष के दौरान पर्यटन, कृषि, स्वास्थ्य, स्टार्टअप, नवाचार, कौशल विकास और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं के साथ संवाद करके उनके सुझाव लिए जाएंगे और उन्हें विकास प्रक्रिया में भागीदार बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्टार्टअप तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र का तेजी से विस्तार हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 25 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां संचालित हैं, जिनसे 1.43 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। राज्य में 8,000 से अधिक स्टार्टअप हैं जिनमें लगभग आधे का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं।
यादव के अनुसार मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 23,590 युवाओं को 1,621 करोड़ रुपये का ऋण और 136 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है, जबकि ‘सीखो कमाओ’ योजना से आठ लाख से अधिक युवाओं को जोड़ा गया है।
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटरों और सोशल मीडिया के विभिन्न ‘इन्फ्लूएंसर’ से संवाद भी किया।
उन्होंने कहा कि डिजिटल मंचों पर सकारात्मक सोच, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के साथ काम करने वाले युवा समाज में बदलाव के सशक्त वाहक बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे युवाओं के योगदान को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ प्रदान करेगी।
यादव ने कहा,“आज का युवा केवल कंटेंट नहीं बना रहा, बल्कि विचारों को दिशा दे रहा है, समाज को जोड़ रहा है और नयी पीढ़ी की आकांक्षाओं को स्वर दे रहा है।”
कार्यक्रम में पश्चिमी मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए डिजिटल कंटेंट क्रिएटरों और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर ने भाग लिया तथा मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए।
भाषा हर्ष
संतोष
संतोष

Facebook


