दतिया उपचुनाव : शिवसेना (उबाठा) ने नरोत्तम मिश्रा को दिया टिकट का प्रस्ताव

दतिया उपचुनाव : शिवसेना (उबाठा) ने नरोत्तम मिश्रा को दिया टिकट का प्रस्ताव

दतिया उपचुनाव : शिवसेना (उबाठा) ने नरोत्तम मिश्रा को दिया टिकट का प्रस्ताव
Modified Date: July 11, 2026 / 08:44 pm IST
Published Date: July 11, 2026 8:44 pm IST

भोपाल, 11 जुलाई (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा टिकट नहीं दिए जाने के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है।

शिवसेना (उबाठा) की मध्यप्रदेश इकाई के प्रमुख सुनील शर्मा ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर कहा कि यदि मिश्रा इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं तो पार्टी प्रमुख एवं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पार्टी नेता आदित्य ठाकरे तथा अन्य वरिष्ठ नेता मध्यप्रदेश में उनके पक्ष में प्रचार करेंगे।

शर्मा ने कहा, ‘मैंने पार्टी नेतृत्व से चर्चा के बाद मिश्रा को यह प्रस्ताव दिया है। मैंने पार्टी की मध्यप्रदेश आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख नाहर सिंह गौर से कहा है कि वह मिश्रा के लिए भेजे गए निमंत्रण का वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर साझा करें।’

शिवसेना (उबाठा) के महाराष्ट्र विधानसभा में 20 विधायक और लोकसभा में तीन सांसद हैं। हाल ही में उसके छह लोकसभा सांसद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल हो गए थे।

यह प्रस्ताव भाजपा द्वारा शुक्रवार को 30 जुलाई को होने वाले दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के एक दिन बाद आया है।

भाजपा के इस फैसले के बाद मिश्रा के समर्थकों ने प्रदर्शन किया, राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया, बाजार बंद कराया, स्थानीय भाजपा कार्यालय पर ताला लगाया तथा कथित तौर पर हिंसा की, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

इस बीच, मध्यप्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भाजपा उम्मीदवार बदले जाने की संभावना से इनकार किया है।

दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में दोषी ठहराए जाने और तीन वर्ष की सजा मिलने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण पड़ी है।

भाषा सं दिमो

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में