युवक को मोबाइल टावर पर चढ़ने के लिये उकसाने के आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
युवक को मोबाइल टावर पर चढ़ने के लिये उकसाने के आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
शाहजहांपुर (उप्र), तीन मई (भाषा) शाहजहांपुर जिले में एक युवक को बरगलाकर मोबाइल सिग्नल टावर पर चढ़ने और न्याय न मिलने पर कूद कर जान देने को प्रेरित करने के आरोप में एक कथित मीडियाकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दिक्षा भवरे ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में रहने वाला सत्यम नामक युवक पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर शनिवार को एक मोबाइल सिग्नल टावर पर चढ़ गया था।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर उसे टावर से नीचे उतार लिया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में सत्यम के पिता रामनरेश ने बताया कि उसका छोटा बेटा सुंदरम एक लड़की को अपने साथ ले गया था जिसमें पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही थी।
भवरे के मुताबिक रामनरेश का कहना है कि इसी बीच ब्रह्म गोटिया गांव में रहने वाला अनुज अग्निहोत्री नामक व्यक्ति ने खुद को पत्रकार बताते हुए सत्यम से मुलाकात की और उसे यह कहते हुए उकसाया कि वह पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर मोबाइल सिग्नल टावर पर चढ़ जाए और पुलिस के बात नहीं मानने पर नीचे कूद जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अनुज अग्निहोत्री के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्ष 2024 में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में घुसकर ताहिर नामक व्यक्ति ने पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली थी जिसमें तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के आदेश पर हुई मामले की जांच के बाद कई पत्रकारों को गिरफ्तार किया गया था।
भाषा सं. सलीम शोभना
शोभना

Facebook


