एम्स के चिकित्सक दूसरे पोस्टमॉर्टम से पहले त्विषा के परिजनों से बात करेंगे
एम्स के चिकित्सक दूसरे पोस्टमॉर्टम से पहले त्विषा के परिजनों से बात करेंगे
भोपाल, 24 मई (भाषा) अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली का चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड पूर्व मॉडल एवं अभिनेत्री त्विषा शर्मा का भोपाल में दूसरा पोस्टमार्टम करने से पहले उनके परिवार से बातचीत करेगा। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
त्विषा के परिवार ने बोर्ड से बहु-विषयक फोरेंसिक, पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल दृष्टिकोण अपनाने और उन मामलों की स्वतंत्र रूप से जांच करने का आग्रह किया जिनके बारे में उसने पहले पोस्टमार्टम पर सवाल उठाए थे।
त्विषा (33) 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में फंदे से लटकी पाई गई थीं। उनके परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हालांकि, त्विषा के ससुराल वालों ने दावा किया है कि वह नशे की लत से पीड़ित थीं।
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के 22 मई के आदेश पर कार्रवाई करते हुए, एम्स दिल्ली ने दूसरे पोस्टमार्टम के लिए वरिष्ठ चिकित्सकों की चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। यह मेडिकल टीम शनिवार को भोपाल पहुंची।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘डॉक्टर पोस्टमार्टम करने से पहले परिवार के सदस्यों से बात करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार पोस्टमार्टम किया जाएगा।’’
हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि पोस्टमार्टम कितने बजे किया जाएगा।
त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा ने शनिवार को मेडिकल बोर्ड को उच्च न्यायालय के आदेश की एक प्रति के साथ एक विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा था, जिसमें भोपाल में किए गए पहले पोस्टमार्टम को लेकर कई सवाल उठाए गए।
इस बीच, पुलिस त्विषा के पति समर्थ सिंह से पूछताछ कर रही है, जिसे शुक्रवार को जबलपुर में गिरफ्तार किया गया था। वह 10 दिन से फरार था।
भोपाल की एक अदालत ने शनिवार को उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं 80 (2), 85 और 3 (5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
भाषा ब्रजेन्द्र सिम्मी
सिम्मी

Facebook


