Reported By: Sakshi Tripathi
,Aishbagh Double Murder Case/Image Credit: AI
Aishbagh Double Murder Case: भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग डबल मर्डर केस में पुलिस ने करीब तीन हफ्ते बाद बड़ा खुलासा कर दिया है। बुजुर्ग दंपति शकुंतला और हेमंत की हत्या प्रॉपर्टी हड़पने की साजिश के तहत की गई थी। पुलिस ने प्रॉपर्टी ब्रोकर शशिकांत और उसके भाई श्रीकांत को गिरफ्तार किया है। वहीं जांच में अब एक और नाम सामने आया है। मृतका की भाभी शिवानी की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है और पुलिस उसकी जांच कर रही है।
24 जून को ऐशबाग स्थित घर में शकुंतला और हेमंत की हत्या कर दी गई थी। दो दिन बाद जब दोनों के शव घर के अंदर मिले तो पूरे शहर में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में कई एंगल सामने आए, लेकिन पोस्टमार्टम और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने साफ कर दिया कि यह सुनियोजित हत्या थी। इसके बाद भोपाल पुलिस ने 1500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की और आखिरकार इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी शशिकांत प्रॉपर्टी ब्रोकर है। उसने शकुंतला से धोखे से उनकी संपत्ति का दानपत्र अपने पक्ष में तैयार कराया था। (Aishbagh Double Murder Case) लेकिन जब शकुंतला और हेमंत अपनी संपत्ति बेचने की तैयारी करने लगे, तब आरोपियों को अपनी साजिश उजागर होने का डर सताने लगा। इसी के चलते शशिकांत ने अपने भाई श्रीकांत के साथ मिलकर दोनों की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक हत्या में दो अलग-अलग हथियारों का इस्तेमाल हुआ, हालांकि दोनों हथियार अभी बरामद नहीं हुए हैं। पूछताछ जारी है और इस मामले में एक अन्य आरोपी को भी शामिल किया जा सकता है।
Aishbagh Double Murder Case: जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका की भाभी शिवानी के माध्यम से ही आरोपी ब्रोकर शशिकांत की मुलाकात दंपति से हुई थी। फिलहाल पुलिस शिवानी की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक उसे आरोपी नहीं बनाया गया है। वहीं पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन शामिल था। तीन सप्ताह तक भोपाल पुलिस के लिए चुनौती बने इस डबल मर्डर केस का खुलासा तो हो गया है, लेकिन अब जांच की दिशा हथियारों की बरामदगी, अन्य संदिग्धों की भूमिका और पूरे षड्यंत्र की कड़ियां जोड़ने पर केंद्रित है।
ऐशबाग डबल मर्डर केस में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। (Aishbagh Double Murder Case) लेकिन हत्या में इस्तेमाल हथियार अब तक बरामद नहीं हुए हैं और पुलिस खुद मान रही है कि इस साजिश में अन्य लोगों की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
इन्हें भी पढ़ें:-