भोपाल नगर निगम का नया मुख्यालय सुशासन का प्रतीक होगा: यादव
भोपाल नगर निगम का नया मुख्यालय सुशासन का प्रतीक होगा: यादव
भोपाल, सात मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि भोपाल नगर निगम का नवनिर्मित मुख्यालय ‘अटल भवन’ सुशासन का प्रतीक बनेगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जनसेवा को शासन की आधारशिला मानते थे और इसी भावना के अनुरूप इस भवन का नाम ‘अटल भवन’ रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने भवन के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा, ‘‘देश की स्वच्छ एवं हरित राजधानी तथा झीलों के शहर के रूप में प्रसिद्ध भोपाल में बना यह भवन सुशासन का प्रतीक बनेगा। अटल भवन सुलभ, सुव्यवस्थित और पारदर्शी सेवाओं का केंद्र होगा।’’
उन्होंने कहा कि हरित भवन अवधारणा पर आधारित इस भवन में पर्याप्त प्राकृतिक प्रकाश और वेंटिलेशन की व्यवस्था की गई है तथा इसे भारतीय स्थापत्य के सिद्धांतों के अनुरूप विकसित किया गया है ताकि लोगों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिल सकें।
यादव ने बताया कि भोपाल नगर निगम ने नीमच जिले के देवरी गांव में स्थापित 10.5 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना का भी उद्घाटन किया है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित इस परियोजना की लागत 14 करोड़ रुपये है।
भाषा दिमो
जोहेब
जोहेब

Facebook


