Reported By: Shailendra Singh
,bhopal suicide/ image source: ibc24
Bhopal MBBS Student Suicide News: भोपाल: राजधानी भोपाल में एमबीबीएस छात्रा रोशनी के सुसाइड मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस केस में छात्रा के मकान मालिक विजय राठौर ने भी देर रात कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और मामले की जांच और जटिल हो गई है।
मृतक मकान मालिक की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि छात्रा के सुसाइड मामले को लेकर परिजनों और पुलिस की लगातार पूछताछ और प्रताड़ना से परेशान होकर उनके पति ने यह कदम उठाया। आरोप है कि पुलिस उन्हें कई-कई घंटे तक थाने में बैठाकर पूछताछ करती थी।
इसके साथ ही मृतक की पत्नी ने यह भी कहा कि छात्रा के परिजन अक्सर घर आकर उन पर कई तरह के आरोप लगाते थे और झूठे केस में फंसाने की धमकी देते थे, जिससे पूरा परिवार मानसिक तनाव में था।
इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि फरवरी महीने में एमबीबीएस छात्रा रोशनी ने अपने किराए के कमरे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें उसने पढ़ाई के दबाव को कारण बताया था। हालांकि, छात्रा के परिजनों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि वह एक मजबूत और बहादुर लड़की थी और वह आत्महत्या नहीं कर सकती। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले ही एसआईटी का गठन किया था, जो अभी भी जांच कर रही है।