board exam result/ image source: IBC24
MP Board Exam Result 2026: भोपाल: भोपाल से बड़ी खबर सामने आ रही है कि मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) की 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। जानकारी के अनुसार एमपी बोर्ड परीक्षा के परिणाम अप्रैल महीने में घोषित किए जाएंगे। माना जा रहा है कि अगर मूल्यांकन का काम तय समय पर पूरा हो जाता है तो 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 14 अप्रैल तक जारी किया जा सकता है। बोर्ड की ओर से परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है, जिससे लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का लगभग 70 प्रतिशत मूल्यांकन पूरा हो चुका है। कॉपियों की जांच का काम प्रदेश के अलग-अलग मूल्यांकन केंद्रों पर किया जा रहा है। इस बड़े काम को समय पर पूरा करने के लिए करीब 18 हजार शिक्षकों को कॉपियों की जांच के लिए लगाया गया है। ये शिक्षक लगातार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रहे हैं ताकि रिजल्ट तैयार करने में ज्यादा समय न लगे। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि मूल्यांकन का काम तेजी से चल रहा है और आने वाले दिनों में इसे पूरी तरह पूरा कर लिया जाएगा।
मध्य प्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू हुईं। राज्यभर में 16 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए प्रदेश में 3,856 परीक्षा केंद्र बनाए गए। MP Board Exams 2026 परीक्षा में नकल पर सख्ती से रोक लगाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। हर जिले में फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात किए गए हैं परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई वहीं थानों से प्रश्नपत्र निकालने से लेकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।
सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुईं। आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 10वीं में करीब 9 लाख 7 हजार विद्यार्थी, जबकि कक्षा 12वीं में लगभग 7 लाख छात्रों ने बोर्ड परीक्षा दिया। सूत्रों के मुताबिक, अगर मूल्यांकन प्रक्रिया इसी रफ्तार से चलती रही तो अप्रैल के पहले हफ्ते तक परिणाम पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए रिजल्ट घोषित किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं का परिणाम 14 अप्रैल के आसपास जारी किया जा सकता है। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र एमपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने अंक देख सकेंगे। फिलहाल लाखों छात्र-छात्राएं अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और बोर्ड भी समय पर रिजल्ट घोषित करने की तैयारी में जुटा हुआ है।