गोरखपुर (उप्र) 14 सितंबर (भाषा) ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने सोमवार को कहा कि छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ-साथ राज्य और केंद्र सरकारों से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
बोरा ने ‘जेन-जेड महाजुटान यात्रा’ के दौरान गोरखपुर में छात्रों की एक सभा को संबोधित करते हुए सरकारों पर शिक्षा के निजीकरण, प्रश्नपत्र लीक, बेरोजगारी और छात्रों के अधिकारों जैसे मुद्दों पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लोकतांत्रिक आंदोलन जरूरी हैं।
‘जेन-जी महाजुटान यात्रा’ को छात्र और युवा संघर्षों को मजबूत करने का अभियान बताते हुए बोरा ने कहा कि यह प्रयागराज से शुरू हुई और वाराणसी व आजमगढ़ से होते हुए गोरखपुर पहुंची। यात्रा अगले चरण में फैजाबाद और लखनऊ जाएगी।
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर से झारखंड तक छात्रों के आंदोलन लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के व्यापक प्रयास का हिस्सा थे और छात्रों व युवाओं से इस अभियान में शामिल होने की अपील की।
बोरा ने कहा कि देश भर में छात्र और युवा आंदोलन मौजूदा शिक्षा और रोजगार प्रणालियों के प्रति बढ़ती नाराजगी को दर्शाते हैं। उन्होंने दावा किया कि छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ-साथ राज्य और केंद्र सरकारों से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
बोरा ने उत्तर प्रदेश में कथित बुलडोजर कार्रवाई की भी आलोचना की और कहा कि प्रभावित परिवारों और व्यक्तियों को समर्थन मिलना चाहिए।
भाषा सं. आनन्द
धीरज
धीरज