नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) जापान की परीक्षण प्रणालियां बनाने वाली कंपनी होरिबा का लक्ष्य 2028 तक भारत में अपने परिचालन से 20 अरब येन का राजस्व हासिल करना है।
कंपनी ने सोमवार को कहा कि भारत उसके वैश्विक विनिर्माण और अनुसंधान की योजनाओं के लिए लगातार महत्वपूर्ण आधार बन रहा है।
भारत में परिचालन के 20 वर्ष पूरे कर रही कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में करीब 15 अरब येन का सालाना कारोबार किया था। इस दौरान कंपनी की औसत सालाना वृद्धि दर 15 प्रतिशत से अधिक रही।
होरिबा लिमिटेड, जापान के कार्यकारी निदेशक डैन होरिबा ने बयान में कहा, ‘‘हमारे वैश्विक कारोबार को देखें तो भारत संभवत: हमारे लिए सबसे रोमांचक और तेजी से बढ़ता बाजार है। आगे भी यह होरिबा समूह के लिए निश्चित रूप से यह एक प्रमुख बाजार होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत प्रौद्योगिकी के लिए हमारे एक बाजार से आगे बढ़कर अब ऐसा आधार बन गया है जहां इसका विनिर्माण, स्थानीय जरूरतों के अनुरूप बदलाव और तेजी से विकास किया जा रहा है। भारत में 20 वर्ष पूरे होने के बाद भी इस बाजार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता पहले की तरह मजबूत है और आने वाले वर्षों में हम वैश्विक वृद्धि में भारत की और बड़ी भूमिका देखते हैं।’’
होरिबा लिमिटेड के कार्यकारी कॉरपोरेट अधिकारी और होरिबा इंडिया के चेयरमैन हिदेयुकी कोइशी ने कहा कि भारत में कंपनी का कारोबार बिक्री और सेवा से बढ़कर विनिर्माण तक पहुंचा है और अब वह स्थानीय अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) का विस्तार करने पर ध्यान दे रही है, ताकि भारत समूह की वैश्विक प्रौद्योगिकी विकास योजनाओं में सीधे योगदान दे सके।
भाषा
योगेश अजय
अजय