Reported By: Sakshi Tripathi
,PNG Connection Apply Online: अब गैस के लिए नहीं लगानी होगी लाइन, 5 दिन के भीतर मिलेगा पीएनजी कनेक्शन, सरकार ने आम जनता के हित में लिया बड़ा फैसला / Image: IBC24 Customized
भोपाल: PNG Connection Apply Online खाड़ी देशों में जारी युद्ध के चलते दुनिया के कई देशों में पेट्रोल-डीजल और प्राकृतिक गैस का संकट देखने को मिल रहा है। बावजूद इसके भारत में कच्चे तेल (Crude Oil) का पर्याप्त भंडार उपलब्ध होने के कारण देश और प्रदेश की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रही हैं, जिससे पेट्रोलियम उत्पादों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। हालांकि आगामी दिनों में स्थिति गंभीर ना बन जाए इसलिए दिल्ली सरकार ने एलपीजी की सप्लाई बनाये रखने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में गोदामों से सिलेंडरों की सीधी बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। दूसरी ओर मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने भी गैस की सप्लाई को लेकर बड़ा फैसला लिया है।
PNG Connection Apply Online मिली जानकारी के अनुसार LPG शॉर्टेज की खबरों के बीच मोहन यादव सरकार ने PNG कनेक्शन की प्रक्रिया में छूट देने का फैसला किया है। सरकार के इस बड़े फैसले के बाद अब उपभोक्ताओं को 5 दिन के भीतर पीएनजी कनेक्शन मिल जाएगा। बताया जा रहा है कि सरकार की प्राथमिकता रेसिडेंशियल कैंपस, स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल और कम्युनिटी किचेन है, जहां जल्द से जल्द PNG कनेक्शन दिया जाएगा। वहीं, जिन इलाकों में PNG लाइन बिछी वहां 3 महीने में भीतर एलपीजी के कनेक्शन बंद कर दिए जाएंगे। पीएनजी उपभोक्ताओं को कोई समस्या ना हो इसलिए सरकार ने 21 जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित किया है।
वहीं, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि मध्यप्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल, पीएनजी और सीएनजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई में किसी प्रकार की रुकावट नहीं है। मंत्री राजपूत ने अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नही दें तथा घबराहट में खरीदारी (पैनिक बाइंग) से बचें।
प्रदेश में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 2693 स्थानों पर जांच की गई है, जिसमें 3552 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 10 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा 666 पेट्रोल पंपों की जांच भी की गई, जिनमें 2 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। जिला आपूर्ति अधिकारियों और ऑयल कंपनियों के अधिकारियों को पेट्रोल पंपों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।
घरेलू गैस उपभोक्ताओं द्वारा की गई बुकिंग के अनुरूप सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को भी शासन द्वारा निर्धारित प्राथमिकता क्रम के अनुसार कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सतत आपूर्ति की जा रही है। उपभोक्ताओं की मांग को देखते हुए गैस बॉटलिंग प्लांट अतिरिक्त समय तक कार्य कर रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित प्लांट और वितरकों के स्टॉक की निरंतर समीक्षा की जा रही है।
प्रदेश में सभी ऑयल कंपनियों के पास पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। पेट्रोल पंपों पर किसी प्रकार की कमी नहीं है और कंपनियों के डिपो से नियमित रूप से आपूर्ति जारी है। बढ़ती मांग को देखते हुए ऑयल कंपनियों के डिपो को भी अधिक समय तक संचालित किया जा रहा है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाए रखा जा सके।
सभी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) संस्थाएँ अगले 3 माह में दिये जाने वाले पीएनजी कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित करेंगी। साथ ही सीजीडी संस्थाओं द्वारा प्रतिदिन किये जा रहे आवेदन एवं उसके विरुद्ध दिये जा रहे पीएनजी कनेक्शन की सतत मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। सीजीडी संस्थाओं को पीएनजी के लाभ एवं पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया से संबंधित एफएक्यू तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश नोडल सीजीडी संस्था थिंक गैस को दिये गए हैं। भारत सरकार के गतिशक्ति पोर्टल पर सीजीडी संस्थाओं को पाइप-लाइन अपलोड करने के निर्देश दिये गये। सीजीडी संस्थाएँ जिलेवार एवं लोकेलिटीवाइज कैम्प शेड्यूल कर जिला प्रशासन एवं विभाग को उपलब्ध करायेंगी। शहर के जिन स्थानों में पाइप-लाइन गई है, उसके आस-पास के क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को ऑयल कम्पनी द्वारा अवगत कराया गया है कि वह पीएनजी कनेक्शन प्राप्त करने के लिये तत्काल आवेदन करें। इसके बाद पीएनजी कनेक्शन प्राप्त नही करने की स्थिति में आगामी 3 माह में एलपीजी का कनेक्शन बंद किया जा सकता है।