दतिया, 11 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के बाद उपजे असंतोष को शांत करने के प्रयास तेज कर दिए।
इसबीच उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शनिवार को यहां प्रसिद्ध मां पीतांबरा मंदिर में पूजा की।
देवड़ा शनिवार शाम दतिया पहुंचे और मंदिर में दर्शन करने के बाद स्थानीय भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
भाजपा ने 30 जुलाई को होने वाले दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए नरोत्तम मिश्रा के स्थान पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किया था।
पार्टी के इस फैसले के बाद शुक्रवार को मिश्रा के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया था।
प्रदर्शनकारियों ने करीब 12 घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 जाम रखा।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प तथा पथराव में दतिया के पुलिस अधीक्षक समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
बाद में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया और कई लोगों को हिरासत में लिया।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रविवार को दतिया पहुंचेंगे। देवड़ा से जब पूछा गया कि क्या उन्होंने भाजपा के भीतर चल रहे विवाद और तनाव को समाप्त करने के लिए देवी से प्रार्थना की है, तो उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर कहा, ‘‘मैंने मां से सभी के लिए आशीर्वाद मांगा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सभी के कल्याण और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है।’’ देवड़ा ने पार्टी के भीतर मतभेद के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘बहुत बड़े परिवार में छोटी-छोटी बातें होती रहती हैं। उनका समाधान हो जाता है।’’
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की है तथा रविवार से चुनाव प्रचार शुरू करेंगे।
उन्होंने दतिया की मौजूदा राजनीतिक स्थिति के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘सब कुछ पूरी तरह सामान्य है।’’
पार्टी सूत्रों के अनुसार, शांत स्वभाव और गैर-विवादित छवि वाले देवड़ा को राज्य नेतृत्व ने दतिया में पैदा हुए तनाव और राजनीतिक असंतोष को कम करने के उद्देश्य से भेजा है।
इस बीच, पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव, खंडेलवाल और पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुलाकात की। भाजपा ने बाद में जारी एक बयान में कहा कि बैठक में संगठनात्मक विषयों और दतिया उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।
पार्टी ने कहा कि संगठन सर्वोपरि है और सभी कार्यकर्ता उसके निर्णयों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
पार्टी ने यह भी कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं के इस्तीफे भावनात्मक प्रतिक्रिया थे, जिन्हें स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बयान के अनुसार, सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।
भाषा दिमो जितेंद्र
जितेंद्र