दतिया का जनादेश शिरोधार्य, कांग्रेस जीती लेकिन भाजपा के मतों में हुई 1,700 की वृद्धि: मोहन यादव

दतिया का जनादेश शिरोधार्य, कांग्रेस जीती लेकिन भाजपा के मतों में हुई 1,700 की वृद्धि: मोहन यादव

दतिया का जनादेश शिरोधार्य, कांग्रेस जीती लेकिन भाजपा के मतों में हुई 1,700 की वृद्धि: मोहन यादव
Modified Date: August 3, 2026 / 07:58 pm IST
Published Date: August 3, 2026 7:58 pm IST

भोपाल, तीन अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को कहा कि दतिया की जनता ने विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जो फैसला सुनाया है, उसे वह शिरोधार्य करते हैं और जीत भले ही कांग्रेस की हुई है लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस उपचुनाव में भाजपा को 1,700 मत अधिक मिले हैं।

दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से पराजित कर दिया।

घनश्याम सिंह को 66,757 मत मिले, जबकि तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए। आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव को 22,527 मत मिले हैं जो तीसरे स्थान पर रहे।

भाजपा की हार के बाद मुख्यमंत्री यादव ने यहां पत्रकारों से कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में दतिया सीट कांग्रेस ने जीती थी और आज भी यह कांग्रेस के पास ही है। उन्होंने कहा, ‘यह अलग बात है। हमने पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले 1,700 वोट अधिक हासिल किए। विधानसभा चुनाव (2023) के साथ भाजपा ने राज्य की सभी 29 लोकसभा सीट जीती। आजादी के बाद पहली बार भाजपा ने यह उपलब्धि हासिल की।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधनी विधानसभा का उपचुनाव भाजपा जीती और उसके बाद अमरवाड़ा उपचुनाव में पार्टी ने कांग्रेस से सीट छीनी। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने तीनों सीट जीतीं।

उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र में चुनाव के दौरान सब अपनी बात रखते हैं। हमने अपनी बात रखी, कांग्रेस ने अपनी बात रखी। जनता ने जो निर्णय किया उसे हम शिरोधार्य करते हैं। उम्मीद करते हैं आगे आने वाले चुनाव में पूरी ताकत से लड़ेंगे।’

भाषा ब्रजेन्द्र अमित

अमित


लेखक के बारे में