मप्र : तीन लाख रुपये लेकर नाबालिग लड़की की शादी कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
मप्र : तीन लाख रुपये लेकर नाबालिग लड़की की शादी कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
इंदौर (मध्यप्रदेश), तीन अगस्त (भाषा) इंदौर में पुलिस ने 15 वर्षीय लड़की की तीन लाख रुपये के बदले शादी कराने वाले मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दूल्हे समेत चार लोगों को सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बाणगंगा थाना क्षेत्र से 15 वर्षीय लड़की के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। उन्होंने बताया कि पीड़ित लड़की के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मानव तस्करी के गिरोह का खुलासा हुआ।
बाणगंगा पुलिस थाने के प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि जांच में पता चला कि लड़की की वास्तविक उम्र 15 वर्ष है, लेकिन उसके आधार कार्ड में कथित तौर पर छेड़छाड़ करके उसे 21 वर्ष का दर्शाया गया था।
उन्होंने बताया कि इंदौर के दो लोगों ने लड़की के परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसे धन कमाने और मकान खरीदने का लालच दिया।
गुर्जर के मुताबिक आरोपियों ने खुद को लड़की के रिश्तेदार बताकर विवाह की प्रक्रिया पूरी कराई और इसके बदले दूल्हे के परिवार से तीन लाख रुपये लिये।
उन्होंने बताया कि इस मामले में दूल्हे, उसके पिता और दो अन्य लोगों को संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोह से जुड़े पांच अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और विस्तृत जांच जारी है।
भाषा हर्ष अमित
अमित

Facebook


