Reported By: Amit Verma
,Pithampur Crime News / Image Source : IBC24
धार : Pithampur Crime News मध्य प्रदेश के धार ज़िले के पीथमपुर क्षेत्र के ग्राम बांग्ला बिल्लौद में एक दलित परिवार के घर चल रहे शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पानी बहने के मामूली विवाद में एक पड़ोसी युवक ने हिंसक हमला कर दिया। मुस्लिम युवक ने घर में घुसकर महिलाओं और दुल्हन के साथ मारपीट की और फावड़े से हमला कर एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस पूरे मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को हरिसिंह परमार की बेटी पायल का विवाह समारोह संपन्न हो रहा था। मेहमानों के नहाने का पानी गली से बहकर पड़ोसी बबलू उर्फ मेहमूद के पशुबाड़े की ओर चला गया, जिससे नाराज होकर मेहमूद गाली-गलौज करते हुए जबरन घर में घुस आया। जब दुल्हन की माँ सुमनबाई ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ हाथापाई की।
अपनी माँ को बचाने आई दुल्हन पायल के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। इसी बीच, बचाव के लिए आगे आई आरतीबाई के सिर पर मेहमूद ने फावड़े से जोरदार वार कर दिया। हमले में आरतीबाई के सिर में गंभीर चोट आई है और उन्हें चार टांके लगे हैं। वारदात के बाद आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। सकल हिंदू समाज ने इस कायरतापूर्ण कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सागौर थाना प्रभारी प्रकाश सरोदे ने बताया कि आरोपी मेहमूद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिग्ठान चौकी प्रभारी अजित सिंह पंवार ने पुष्टि की है कि आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर तहसील न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
इन्हे भी पढ़ें:-