उमरिया, नौ जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में बृहस्पतिवार तड़के सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से कार की टक्कर हो जाने के कारण एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा तड़के साढ़े तीन बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भरौला गांव के निकट सिद्धबाबा धाम के पास हुआ, जब एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
उन्होंने बताया कि मृतकों में एक पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। ये सभी अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के लिलहाटोला गांव के निवासी थे और चित्रकूट जा रहे थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि परिजन अनूपपुर जिले से उमरिया पहुंच रहे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
भाषा सं दिमो खारी
खारी