रतलाम, 29 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को करीब दो घंटे के अंतराल में दो कार के बेकाबू होकर खाई में गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया ने बताया कि पहले हादसे में पंजाब के एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर आठ लेन वाले एक्सप्रेस-वे पर बनी रेलिंग को तोड़ते हुए करीब 30 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
उन्होंने बताया कि हादसे में नरेंद्र कौर (67) और उनकी बहू मनप्रीत कौर (32) की मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार लोग घायल हो गए।
गडरिया के मुताबिक, पुलिस दल घटनास्थल का मुआयना कर ही रहा था कि दूसरी कार भी अनियंत्रित होकर रेलिंग के टूटे वाले हिस्से से खाई में जा गिरी।
उन्होंने बताया कि इस कार में गुजरात के दाहोद जिले का एक परिवार सवार था।
गडरिया के अनुसार, कार में सवार रवि हटीला (35) और रमेश मकवाना (50) की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) युवराज सिंह चौहान ने बताया कि दोनों हादसों के पीछे की परिस्थितियों और कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा
हर्ष पारुल
पारुल