मध्यप्रदेश के रीवा में राष्ट्रीय राजमार्ग 39 पर बस और ट्रक की भिडंत में चार लोगों की मौत
मध्यप्रदेश के रीवा में राष्ट्रीय राजमार्ग 39 पर बस और ट्रक की भिडंत में चार लोगों की मौत
रीवा, दो अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के रीवा में बुधवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर एक बस और ट्रक (बल्कर) के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई एवं कई अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक रीवा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर गुढ़ थानाक्षेत्र के बदवार में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर यह हादसा हुआ।
उन्होंने कहा कि यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पलट गए।
उपविभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) अनुराग तिवारी ने बताया कि अब तक चार लोगों के मौत की पुष्टि हुई है।
उन्होंने कहा कि सभी घायलों को संजय गांधी अस्पताल लाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में अतिरिक्त बेड भी आरक्षित किए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर अन्य घायलों का भी तत्काल इलाज किया जा सके।
प्रशासन के अनुसार हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की आशंका है। हालांकि घायलों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा उसने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं।
राष्ट्रीय राजमार्ग-39 उत्तर प्रदेश के झांसी को झारखंड की राजधानी रांची को जोड़ता है और यह मध्यप्रदेश से गुजरता है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र राजकुमार
राजकुमार

Facebook


