सीबीआई ने त्विषा मौत मामले में आरोप पत्र दाखिल किया, परिवार से बातचीत का ब्योरा दिया

Ads

सीबीआई ने त्विषा मौत मामले में आरोप पत्र दाखिल किया, परिवार से बातचीत का ब्योरा दिया

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 11:23 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 11:23 PM IST

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) त्विषा शर्मा ने मौत से पहले अपनी भाभी को भेजे संदेश में लिखा था, ‘‘उससे कहो कि वह अपनी पत्नी का बचा-खुचा सामान ले जाए। लेकिन कल। अभी मुझे शांति से मरने दो।’’ मामले की जांच कर रहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा अदालत में दाखिल आरोप पत्र में इसका जिक्र किया गया है।

आरोप है कि कुछ ही मिनटों बाद शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सीबीआई ने भोपाल की एक विशेष अदालत में सोमवार को दाखिल आरोप पत्र में कहा कि 12 मई 2026 की रात 9:36 बजे 34 साल की पूर्व मॉडल द्वारा भेजा गया संदेश जांच का मुख्य केंद्रबिंदु बन गया। इस संदेश से पति और सास द्वारा कथित तौर पर उसका ‘‘मानसिक उत्पीड़न’’ का संकेत मिलता है, जिसके कारण उसने आत्महत्या कर ली।

सीबीआई ने त्विषा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह (जो एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश भी हैं) के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। उन पर पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा महिला के साथ क्रूरता करने, आत्महत्या के लिए उकसाने और साझा इरादे से जुड़े अपराधों से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धाराएं लगाई गई हैं।

सैकड़ों पन्नों के अनुलग्नक वाले 31 पन्नों के आरोप पत्र में समर्थ और गिरिबाला द्वारा शादी के छह महीनों के दौरान त्विषा पर कथित तौर पर किए गए घरेलू और मानसिक उत्पीड़न का विवरण दिया गया है।

एजेंसी अब भी त्विषा और समर्थ के फोन से पूरी फोरेंसिक जानकारी एकत्र करने और भोपाल में गिरिबाला सिंह के घर लगे सीसीटीवी के डीवीआर का इंतज़ार कर रही है। माना जा रहा है कि इनमें 12 मई की वे घटनाएं रिकॉर्ड हुई होंगी, जब त्विषा ने जिम्नास्टिक्स की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या की थी।

पोस्टमॉर्टम और उसके बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली के चिकित्सा बोर्ड ने इस राय से सहमति जताई है कि यह आत्महत्या का मामला था।

आरोप पत्र के अनुसार, ‘‘मौत की वजह दम घुटना है, जो मरने से पहले फांसी लगाने की वजह से हुआ। यह आत्महत्या का मामला है और फांसी के लिए छल्ले वाली जिम्नास्टिक बेल्ट का इस्तेमाल किया गया था। मृतका के शरीर पर मौत से पहले मारपीट या हाथापाई का कोई संकेत देने वाली चोट नहीं मिली है।’’

भोपाल की विशेष अदालत में सोमवार को सीबीआई द्वारा दाखिल आरोप पत्र में कहा गया कि जान देने का कदम उठाने से कुछ मिनट पहले त्विषा ने अपने आईफोन से अपनी भाभी राशि अब्रोल को एक ‘टेक्स्ट मैसेज’ भेजा था। कथित तौर पर लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उठाए गए इस कदम से पहले, उस शाम कई लोगों के बीच लगातार फ़ोन कॉल का दौर चला था और त्विषा का वह संदेश उसका आखिरी संदेश साबित हुआ।

डिजिटल जांच के मुताबिक मैसेज और कॉल का सिलसिला शाम 7:51 बजे शुरू हुआ, जब त्विषा ने अब्रोल को फ़ोन किया। उसने आरोप लगाया कि समर्थ उस पर चीनी शेयर बाज़ार में 20 लाख रुपये का निवेश स्थानांतरित करने का दबाव बना रहा था, जिसके लिए उसने मना कर दिया था।

सीबीआई के आरोप पत्र के मुताबिक उस रात दोनों परिवारों के बीच 34 से ज़्यादा बार संपर्क करने की कोशिशें हुईं। इसमें कहा गया कि त्विषा की मां मामले में हस्तक्षेप के लिए समर्थ और उसकी मां गिरिबाला सिंह से संपर्क करने की पुरज़ोर कोशिश कर रही थीं।

बातचीत से पता चला कि रात 9:20 बजे तक हालात बिगड़ रहे थे, जब त्विषा ने रोते हुए अब्रोल को दोबारा फ़ोन किया और बताया कि उसने समर्थ से ‘पीठ दर्द’ की वजह से अलग बेडरूम में सोने के लिए कहा था, जिस पर समर्थ हिंसक हो गया और फिर फ़ोन अचानक कट गया।

अब्रोल ने जब रात 9.29 बजे वापस कॉल करने की कोशिश की, तो त्विषा की केवल सिसकी सुनाई दी और फिर फोन कॉल कट गया।

आरोप पत्र के मुताबिक रात 9:36 बजे, त्विषा ने अब्रोल को एक आखिरी मैसेज भेजा, ‘‘उससे कहो कि अपनी पत्नी का बचा-खुचा सामान ले जाए। लेकिन कल। अभी मुझे शांति से मरने दो।’’

घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में त्विषा को रात 9:40 बजे अकेले छत की ओर जाते हुए देखा गया, और उसके ठीक एक मिनट बाद, रात 9:41 बजे उसने अपने पिता को आखिरी कॉल व्हाट्सऐप पर किया।

त्विषा के पिता ने उसे रोते हुए पाया; वह शिकायत कर रही थी कि समर्थ ‘बहुत आक्रामक और हिंसक’ हो गया है और वह अपने परिवार से तुरंत भोपाल आने की गुहार लगा रही थी।

आरोप पत्र के मुताबिक त्विषा ने आखिरी फोन रात 10:05 बजे अपनी मां रेखा रानी शर्मा को किया था, जिसमें उसने समर्थ के आक्रामक व्यवहार के बारे में फिर से बताया था और फिर कॉल कट गया।

इसके बाद, रेखा रानी ने त्विषा को कई बार कॉल किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, और समर्थ और गिरिबाला सिंह ने भी उनके कई कॉल्स का कोई जवाब नहीं दिया।

एजेंसी ने बताया कि गिरिबाला ने रात 10:10 बजे तक फोन का जवाब नहीं दिया। इसके बाद जब गिरिबाला ने फोन उठाया तो रेखा रानी ने उन्हें बताया कि त्विषा बहुत रो रही है, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सेवानिवृत्त न्यायाधीश रात 10:16 बजे त्विषा को देखने के लिए अपने कमरे से बाहर निकलीं।

भूतल पर जब उन्हें कोई नहीं मिला तो उन्होंने रात 10.18 बजे त्विषा के फ़ोन किया, जिसका कोई जवाब नहीं मिला।

पांच मिनट बाद, समर्थ और उसकी मां कैमरे में छत की ओर जाते हुए दिखे, जहां त्विषा एक ‘जिम्नास्टिक बेल्ट’ से लटकी हुई मिली।

प्राथमिकी के मुताबिक समर्थ उसे एम्स भोपाल ले गया, जहां उसने दावा किया कि त्विषा ने रात 10:20 बजे घर पर फांसी लगा ली थी।

भाषा धीरज वैभव

वैभव