Reported By: Mahendra Singh Kushwaha
,Gwalior kidnapping News
ग्वालियर। Gwalior kidnapping News: ग्वालियर में पढ़ाई के लिए कोचिंग गई 15 साल की नाबालिग लड़की का अपहरण हो गया। अपहरण करने वाले तीन किन्नर बताए जा रहे हैं। तथाकथित किन्नर नाबालिग को किडनैप कर ट्रेन में बैठाकर झांसी ले जा रहे थे। जब उसको ट्रेन में होश आया तब उसने चिल्लाना शुरू किया। मुसाफिरों की मदद से उसे बचाया गया। लेकिन तीनों किन्नर फरार हो गए। मुसाफिरों ने जीआरपी थाना पुलिस को नाबालिग को सौंप दिया और जीआरपी ने ग्वालियर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं पुलिस ने अज्ञात तीन लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है।
बहलाकर ले गए थे रेलवे स्टेशन
दरअसल, थाटीपुर थाना क्षेत्र के मयूर मार्केट स्थित संस्कार लाइब्रेरी कोचिंग पर 15 साल की नाबालिग छात्रा पढ़ने के लिए गई हुई थी। लेकिन जब कोचिंग पढ़ कर वापस घर जा रही थी तभी अचानक लापता हो गई। किडनैपर उसे लाइब्रेरी के बाहर से बहलाकर रेलवे स्टेशन ले गए। फिर झांसी जाने वाली ट्रेन में बैठा लिया। लेकिन रास्ते में अपहरणकर्ता के दो तीन साथी और आ गए। इन लोगों ने लड़की को जबरदस्ती कुछ खिलाने की कोशिश की तो उसने चिल्लाना शुरू कर दिया जिस पर ट्रेन में सफर कर रहे मुसाफिरों को शक हुआ। जिसके बाद लोगों ने लड़की से पूछताछ की तो अपहरणकर्ता भाग गए। पुलिस ने बताया कि लड़की 15 गोला का मंदिर की रहने वाली है। उसे अगवा करने वाले किन्नर की वेशभूषा में थे। मुसाफिरों की सजगता से लड़की बच गई। उसे लोगों ने झांसी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के हवाले किया है। जहां जीआरपी थाना पुलिस के द्वारा ग्वालियर चाइल्ड लाइन की मदद से पुलिस को सूचित कर उनके हवाले किया है।
Gwalior kidnapping News: जब पुलिस की टीम उसे थाने लेकर पहुंची तब नाबालिग ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों से एक किन्नर उसका पीछा कर रहा था और वह कोचिंग से जब घर जा रही थी तो उसे देखते हुए एक गली में मुड़ी। तभी से उसे होश नहीं है कि वहां ट्रेन में उनके साथ कैसे पहुंची। फिलहाल पुलिस ने चाइल्ड लाइन और छात्रा की शिकायत पर अपहरण का मामला का दर्ज कर तीनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और सीडब्ल्यूसी के सामने पेश कर परिवारजनों के सुपुर्द किया जाएगा।