Reported By: Mahendra Singh Kushwaha
,Gwalior Wife Murder News/Image Source: IBC24
ग्वालियर: Gwalior Wife Murder News: ग्वालियर में गृह क्लेश के चलते पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घर के अंदर पति ने पिस्टल से पत्नी के शरीर में तीन गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र की दर्पण कॉलोनी की है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
Gwalior Wife Murder News: दरअसल ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के दर्पण कॉलोनी निवासी सोनू तोमर शनिवार रात करीब 10 बजे घर पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी पत्नी रुचि तोमर से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कहासुनी के बाद दोनों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। गुस्से में आकर सोनू ने पिस्टल निकालकर पत्नी पर फायर कर दिया। आधा दर्जन फायर किए गए, जिनमें से तीन गोलियां रुचि तोमर को लगीं और वह जमीन पर गिर पड़ी।फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन जब कमरे में पहुंचे, तो रुचि तोमर मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि आरोपी सोनू मौके से फरार हो चुका था। मृतका के ससुर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
Gwalior Wife Murder News: हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे तेज आवाज और गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी के पिता शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हैं और उनकी पेंशन व किराए से घर का खर्च चलता था। घर में आरोपी, उसकी पत्नी, 11 साल का बेटा आदित्य और 14 साल की बेटी राधिका रहते थे।
बताया जा रहा है कि आरोपी सोनू को शराब की लत थी और वह कोई काम-धंधा नहीं करता था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। घटना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को घर के पास से गिरफ्तार कर लिया, हालांकि वारदात में इस्तेमाल पिस्टल अभी बरामद नहीं हो सकी है।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में घरेलू विवाद की बात कही है। फिलहाल आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।