‘परिवर्तन की भूख स्थानीय मुद्दों से बढ़ेगी’ : केंद्रीय नेतृत्व का मप्र कांग्रेस को संदेश

Ads

‘परिवर्तन की भूख स्थानीय मुद्दों से बढ़ेगी’ : केंद्रीय नेतृत्व का मप्र कांग्रेस को संदेश

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 09:42 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 09:42 PM IST

भोपाल, छह अगस्त (भाषा) दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद कांग्रेस अगले मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बेदखल करने के लिए त्रिस्तरीय फॉर्मूले पर काम करने की रणनीति बना रही है, जिसमें मुख्य रूप से जोर स्थानीय मुद्दों पर रहेगा। कांग्रेस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ राज्य सरकार जिस प्रकार से ‘‘बदले की कार्रवाई’’ कर रही है, उसका भी राज्य इकाई जोरदार प्रतिकार करेगी और इसके लिए इंदौर में जल्द ही एक बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं।

कांग्रेस के एक सूत्र ने बताया कि इन सभी रणनीतियों की रूपरेखा आगामी 11 अगस्त को भोपाल में प्रस्तावित राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) में तैयार की जाएगी, जिसमें पटवारी के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, मध्यप्रदेश मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कांग्रेस ने अगले विधानसभा सहित अन्य स्थानीय चुनावों के मद्देनजर राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय और स्थानीय मुद्दों पर काम करने की रणनीति बनाने का निर्णय लिया है लेकिन इनमें सबसे ज्यादा जोर स्थानीय मुद्दों पर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत के बाद दिल्ली में कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल के साथ प्रदेश के प्रमुख नेताओं की हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया और तय हुआ कि अगर नगर पंचायत, नगर पालिका और नगर निगम सहित अन्य स्थानीय मुद्दों पर जोर दिया जाए तो कांग्रेस को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता।

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय नेतृत्व का संदेश साफ है कि परिवर्तन की भूख स्थानीय मुद्दों से ही बढ़ेगी।’’

वरिष्ठ नेता ने बताया कि दिल्ली की बैठक में इस बात पर भी चिंता जताई कि भाजपा नीत प्रदेश सरकार किस प्रकार से पटवारी को बदले की भावना से परेशान कर रही है।

उन्होंने बताया कि इसके मद्देनजर केंद्रीय नेतृत्व ने यह निर्देश भी दिया है कि पीएसी की बैठक में इंदौर में एक बड़ा प्रदर्शन या कार्यक्रम आयोजित किए जाने की रूपरेखा तैयार की जाए, जिससे राज्य सरकार को घेरा जा सके।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व से ऐसे संकेत मिले हैं कि इस कार्यक्रम में राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं।

ज्ञात हो कि हाल ही में पटवारी ने आरोप लगाया था कि राज्य सरकार उनके और उनके परिवार के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है।

पटवारी ने कहा था कि उनके छोटे भाई को ऐसे मामले में निशाना बनाया गया, जिसका उससे कोई संबंध नहीं था। पटवारी ने यह भी दावा किया था कि पहले उनके भाइयों पर प्राथमिकी दर्ज की गई और फिर परिवार के सदस्यों को विभिन्न मामलों में परेशान किया गया।

इससे पहले, कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रभारी मुकेश नायक ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पीएसी की बैठक में प्रदेश में विपक्ष की भूमिका को और अधिक जनोन्मुखी, प्रभावी तथा जमीनी स्तर तक ले जाने की रणनीति तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं विधानसभा प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के स्थानीय जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को चिन्हित कर उन्हें संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाएं।

मुकेश ने कहा, ‘‘कांग्रेस अब राष्ट्रीय और प्रांतीय मुद्दों के साथ-साथ गांव तक के स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता से जनता के बीच ले जाएगी।’’

हाल में दतिया विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। इस चुनाव में पटवारी सहित कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं ने मुख्य भूमिका निभाई और वे दतिया में कई दिनों तक डटे रहे और इस दौरान उन्होंने स्थानीय मुद्दों पर अपना ध्यान केंद्रित किया।

भाषा ब्रजेन्द्र शफीक

शफीक