मध्यप्रदेश-राजस्थान नेटवर्क से जुड़ी अवैध शराब इकाई का खुलासा, एक गिरफ्तार
मध्यप्रदेश-राजस्थान नेटवर्क से जुड़ी अवैध शराब इकाई का खुलासा, एक गिरफ्तार
इंदौर (मध्यप्रदेश), 25 जून (भाषा) आबकारी विभाग ने इंदौर में बृहस्पतिवार को अवैध शराब निर्माण इकाई का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस इकाई से मध्यप्रदेश और राजस्थान में प्रचलित विभिन्न शराब ब्रांड के लेबल, होलोग्राम और पैकेजिंग सामग्री बरामद हुई जिससे अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध शराब नेटवर्क सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर तुलसी नगर में तीन मंजिला मकान पर दबिश दी गई। उन्होंने बताया कि मकान में संचालित इकाई से 144 बल्क लीटर तैयार मदिरा, बड़ी मात्रा में स्प्रिट, कैरेमल, पैकेजिंग सामग्री, नकली लेबल, होलोग्राम, विभिन्न शराब ब्रांड की बोतलों के ढक्कन, दो बड़ी ब्लेंडिंग मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
चतुर्वेदी ने बताया कि इस मामले में विनोद पलैया को गिरफ्तार किया गया है जिसके मकान में यह अवैध इकाई संचालित की जा रही थी। आबकारी अधिकारी ने बताया, ‘‘पलैया, इंदौर और अन्य जिलों की शराब दुकानों में सेल्समैन का काम कर चुका है।’’
चतुर्वेदी ने बताया कि इकाई में मध्यप्रदेश के साथ ही राजस्थान में प्रचलित विभिन्न रम और व्हिस्की ब्रांड के लेबल, होलोग्राम और पैकेजिंग सामग्री मिली है।
आबकारी अधिकारी के मुताबिक इससे अंतरराज्यीय स्तर पर शराब के अवैध निर्माण और तस्करी के नेटवर्क के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। उन्होंने बताया कि इस पहलू की विस्तृत जांच की जा रही है।
चतुर्वेदी के अनुसार शहर के प्रमुख आवासीय इलाकों में शामिल तुलसी नगर में संचालित इकाई में स्प्रिट के उपयोग से शराब तैयार की जा रही थी और इसके लिए आरोपी के पास कोई लाइसेंस या वैध अनुमति नहीं थी।
उन्होंने कहा, ‘स्प्रिट, पानी और अन्य सामग्री को गलत अनुपात में मिलाकर तैयार की गई शराब मानव उपभोग के लिए हानिकारक हो सकती है।’
चतुर्वेदी ने बताया कि मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और जब्त सामग्री तथा शराब के नमूनों की जांच कराई जा रही है।
भाषा हर्ष
अमित
अमित

Facebook


