इंदौर में मिले दो ओमीक्रोन संदिग्ध, जांच के लिए नमूने दिल्ली भेजे गए

Ads

इंदौर में मिले दो ओमीक्रोन संदिग्ध, जांच के लिए नमूने दिल्ली भेजे गए

  •  
  • Publish Date - December 29, 2021 / 07:13 PM IST,
    Updated On - December 29, 2021 / 07:13 PM IST

इंदौर, 29 दिसंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर में कोरोना वायरस के नये स्वरूप ओमीक्रोन के दो संदिग्ध मरीज मिले हैं और उनके नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं। चिकित्सा शिक्षा विभाग के एक आला अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि शहर की एक निजी प्रयोगशाला की जांच में संदेह जताया गया है कि महामारी के दो मरीज कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित हैं।

उन्होंने बताया, ‘‘तय सरकारी प्रक्रिया के तहत दोनों मरीजों के नमूने वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ जीनोमिक्स एंड इंटिग्रेटिव बायोलॉजी (आईजीआईबी) भेजे गए हैं ताकि पुष्टि हो सके कि वे ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित हैं या नहीं।’’

अधिकारी ने बताया कि शहर में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के नौ पुष्ट मामले पहले ही मिल चुके हैं।

इस बीच, इंदौर में कोविड-19 के नये मरीजों की तादाद लगातार बढ़ रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान 32 नये संक्रमित मिलने के बाद जिले में महामारी के मरीजों की कुल तादाद बढ़कर 1,53,631 पर पहुंच गई है, इनमें से 1,395 संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।

भाषा हर्ष

हर्ष रंजन

रंजन