इंदौर, 18 मार्च (भाषा) इंदौर मेट्रो रेल परियोजना ने दूसरे चरण के वाणिज्यिक परिचालन की दिशा में अहम पड़ाव पार करते हुए मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) के निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीएमआरसीएल) के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सीएमआरएस के दल ने 15 से 18 मार्च (बुधवार) तक मेट्रो रेल के 17.50 किलोमीटर लंबे प्राथमिकता गलियारे का निरीक्षण किया और इस परियोजना को स्टेशन प्रबंधन, यात्री सुविधाओं, रफ्तार, ब्रेक प्रणाली, सिग्नलिंग, आपातकालीन स्थितियों और अन्य कसौटियों पर परखा।
उन्होंने बताया कि मेट्रो रेल के प्राथमिकता गलियारे के छह किलोमीटर लंबे मार्ग पर पहले चरण का वाणिज्यिक परिचालन 31 मई 2025 को शुरू किया गया था और शेष 11.50 किलोमीटर मार्ग पर दूसरे चरण का वाणिज्यिक परिचालन शुरू किया जाना है।
अधिकारी के मुताबिक सीएमआरएस का चार दिवसीय निरीक्षण मेट्रो रेल के दूसरे चरण का वाणिज्यिक परिचालन शुरू करने से पहले आवश्यक अनुमति प्राप्त करने की दिशा में अंतिम चरण था।
एमपीएमआरसीएल के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने कहा, ‘‘सीएमआरएस की हरी झंडी मिलने के बाद इंदौर मेट्रो के दूसरे चरण का वाणिज्यिक परिचालन शीघ्र शुरू किया जा सकता है।’’
मूल परियोजना के मुताबिक शहर में 7,500.80 करोड़ रुपये की लागत से कुल 31.32 किलोमीटर लंबा मेट्रो रेल गलियारा बनाया जाना है। इस गलियारे का निर्माण वर्ष 2019 से जारी है, लेकिन सघन आवासीय और वाणिज्यिक इलाकों में बाधाओं के कारण परियोजना पूरी नहीं हो पाई है और इसकी प्रस्तावित लागत में इजाफा तय माना जा रहा है। भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब