Reported By: Dharam Goutam
,Jabalpur Police Viral Video/Image Source: IBC24
जबलपुर: Jabalpur Police Viral Video: जबलपुर में सिविक सेंटर स्थित समदड़िया मॉल के पास एक पुलिसकर्मी की बीच सड़क जमकर पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी।
जानकारी के अनुसार पीड़ित पुलिसकर्मी रजनीश कौरव जिला कोर्ट में पदस्थ हैं और वह कोर्ट में काम करने वाली एक महिला के साथ स्कूटी पर घूम रहे थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात भी सामने आ रही है। पुलिसकर्मी और महिला को साथ घूमते देख सिवनी से आए महिला के पति और भाई ने ऑटो में सवार होकर पहले कई किलोमीटर तक उनका पीछा किया। जैसे ही समदड़िया मॉल के पास मौका मिला, दोनों ने पुलिसकर्मी को रोक लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
Jabalpur Police Viral Video: घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है, जबकि महिला के पति और भाई उस पर हमला कर रहे हैं। घटना के बाद पुलिसकर्मी, महिला और पिटाई करने वाले दोनों साले-जीजा ओमती थाना पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों से लगातार पूछताछ की जा रही है और सभी बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।