मप्र : 45 किलोग्राम वजनी महिला के शरीर से निकाली गईं 15 किलोग्राम की गांठें

Ads

मप्र : 45 किलोग्राम वजनी महिला के शरीर से निकाली गईं 15 किलोग्राम की गांठें

  •  
  • Publish Date - December 1, 2025 / 05:37 PM IST,
    Updated On - December 1, 2025 / 05:37 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), एक दिसंबर (भाषा) इंदौर में चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी के जरिये 50 वर्षीय महिला के शरीर से कुल 15 किलोग्राम वजन वाली दो गांठें निकालकर उसे नया जीवन दिया है। शहर के एक सरकारी अस्पताल के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय के सर्जन डॉ. उपेंद्र कुमार पांडेय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पड़ोस के खरगोन जिले की यह महिला पिछले दो साल से पेट में सूजन, खून की कमी और बच्चेदानी की परेशानियों से जूझ रही थी।

उन्होंने बताया, ‘‘सर्जरी के दौरान हम महिला के शरीर में दो भारी-भरकम गांठें देखकर हैरान रह गए। दोनों गांठों का कुल वजन 15 किलोग्राम निकला। इनमें से एक गांठ महिला की बच्चेदानी में थी, जबकि दूसरी गांठ उसके अंडाशय में थी।’’

पांडेय ने बताया कि जटिल सर्जरी से पहले महिला का वजन करीब 45 किलोग्राम था जिसमें 15 किलोग्राम की दो गांठों का भार शामिल है।

उन्होंने बताया, ‘‘सर्जरी के बाद महिला की हालत एकदम ठीक है। हमने आज (सोमवार को) उसे अस्पताल से छुट्टी भी दे दी। अगर गांठें नहीं निकाली जातीं, तो मरीज की जान को खतरा हो सकता था।’’

पांडेय ने बताया कि महिला के पेट से निकाली गई गांठों के नमूने को हिस्टो पैथोलॉजी जांच के लिए भेजा गया है ताकि पता चल सके कि कहीं वह कैंसर से पीड़ित तो नहीं है।

भाषा हर्ष खारी

खारी