मप्र:महाविद्यालयों की कमियों पर अभाविप का आक्रोश, बैरिकेड हटाकर कलेक्ट्रेट में घुसे कार्यकर्ता
मप्र:महाविद्यालयों की कमियों पर अभाविप का आक्रोश, बैरिकेड हटाकर कलेक्ट्रेट में घुसे कार्यकर्ता
इंदौर, 27 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के सरकारी महाविद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कथित कमी को लेकर इंदौर में बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ता पुलिस के रोके जाने से नाराज होकर बैरिकेड हटाते हुए जबरन कलेक्ट्रेट में घुस गए। चश्मदीदों ने यह जानकारी दी।
भारतीय जनता पार्टी शासित राज्य में अभाविप ने यह विरोध प्रदर्शन ऐसे वक्त किया, जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के आंदोलन के बाद देश में नयी पीढ़ी के मुद्दों को लेकर राजनीतिक विमर्श तेज हो गया है।
कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य द्वार से कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।
पुलिस ने अभाविप कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे, लेकिन उन्होंने पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में बैरिकेड हटाए और कलेक्ट्रेट परिसर में जबरन दाखिल हो गए।
आक्रोशित प्रदर्शनकारियों को इस परिसर का बंद ‘चैनल गेट’ जोर-जोर से हिलाते भी देखा गया।
अभाविप की महानगर इकाई के सचिव देवेश गुर्जर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘हम प्रशासन को पहले से सूचना देकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे और हमें ज्ञापन भर देना था, लेकिन हमारे साथ अनुचित बर्ताव करते हुए हमें कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया गया। इससे कार्यकर्ता नाराज हो गए।’
उन्होंने बताया कि अभाविप कार्यकर्ताओं ने अपनी 18 सूत्री मांगों को लेकर प्रशासन के एक अधिकारी को राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इनमें शासकीय महाविद्यालयों में सुरक्षा, पार्किंग, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालयों और कक्षाओं में पर्याप्त बेंच, पंखों व प्रकाश की समुचित व्यवस्थाएं करना शामिल है।
पंढरीनाथ पुलिस थाने के प्रभारी सतीश पटेल ने दावा किया कि अभाविप कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट में कोई अप्रिय स्थिति नहीं बनी।
उन्होंने बताया कि फिलहाल इस प्रदर्शन को लेकर कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
भाषा हर्ष शफीक
शफीक

Facebook


