भोपाल, पांच सितंबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय कुमार लल्लू ने शनिवार को मौजूदा जातिगत जनगणना प्रारूप में कथित खामियों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सत्यापित ‘ड्रॉप-डाउन’ सूची वाली नयी प्रश्नावली तैयार करने की मांग की।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य लल्लू ने कहा कि जातिगत जनगणना के आंकड़े सही नहीं होने पर सामाजिक न्याय की बुनियाद कमजोर होगी और इसका सबसे अधिक नुकसान अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) तथा वंचित तबकों को होगा।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि खुले प्रारूप में एक ही जाति का नाम अलग-अलग नामों, उपजातियों या वर्तनी के साथ दर्ज होने से आंकड़ों में विसंगति पैदा हो सकती है।
उन्होंने दावा किया कि मौजूदा प्रश्नावली में ‘पिछड़ा वर्ग’ शब्द को स्पष्ट रूप से शामिल नहीं किया गया है, जिससे ओबीसी और ईबीसी की वास्तविक संख्या सामने आने को लेकर सवाल उठते हैं।
लल्लू ने कहा कि सही आंकड़ों के अभाव में विभिन्न समुदायों की आरक्षण, शिक्षा, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं में उचित हिस्सेदारी तय करना संभव नहीं होगा।
उन्होंने केंद्र से तेलंगाना और बिहार में अपनाए गए तरीकों का अध्ययन कर जातियों की सत्यापित सूची तैयार करने की मांग की। उन्होंने जातिगत जनगणना से पहले राजनीतिक दलों, विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों से परामर्श करने की भी मांग की।
उन्होंने कहा, ‘‘सही गिनती, सही आंकड़े, सही हिस्सेदारी और सामाजिक न्याय—यही कांग्रेस की मांग है।’’
भाषा दिमो जोहेब
जोहेब