रायसेन, पांच सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में शनिवार को शिक्षक दिवस पर 23 वर्षीय कंप्यूटर शिक्षिका से छेड़छाड़ करने के आरोप में एक ‘हिस्ट्रीशीटर’ को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी दुष्कर्म के एक मामले में जमानत पर बाहर था।
घटना सुबह करीब नौ बजे बेगमगंज कस्बे में स्थित एक कंप्यूटर केंद्र में हुई। यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर है।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) सोनाली गुप्ता ने बताया कि कंप्यूटर केंद्र की चाबी शिक्षिका के पास थी और वह अकेली थी, इसी दौरान आरोपी आकाश कुशवाह (27) केंद्र में घुसा और कथित तौर पर शिक्षिका को पकड़कर अभद्र व्यवहार किया।
उन्होंने बताया कि शिक्षिका के शोर मचाने पर वहां पहुंचे 25 वर्षीय छात्र राज ठाकुर ने हस्तक्षेप किया।
एसडीओपी ने बताया कि कुशवाह ने शिक्षिका और छात्र दोनों की पिटाई की और लोगों के वहां पहुंचने पर फरार हो गया।
पुलिस को सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
अधिकारी ने बताया कि करीब आधे घंटे के अंदर कुशवाह को एक मकान से भागने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
बेगमगंज थाने के प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि कुशवाह के खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि पिछले वर्ष एक लड़की के कथित अपहरण और दुष्कर्म के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था और हाल ही में वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।
उइके ने बताया कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसके खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं दिमो जोहेब
जोहेब