अनूपपुर (मध्यप्रदेश), 19 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना अनूपपुर के करनपठार थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त हुई, जब करंजिया डिंडोरी से गिट्टी लाने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
करनपठार थाना प्रभारी बीरेंद्र वरकड़े ने बताया कि इस दुर्घटना में इंजन के नीचे दबने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने कहा सभी मृतक डिंडोरी के करंजिया से गिट्टी लाने के लिए जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि थाना करनपठार पुलिस मौके पर मौजूद है और पलटे हुए ट्रैक्टर को हटाने का प्रयास जारी है।
वरकड़े ने बताया कि मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चल रहा है, लेकिन मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि सभी मृतक डिंडोरी के बताए जा रहे हैं।
भाषा सं ब्रजेन्द्र संतोष
संतोष